स्वानंद किरकिरे ने राजकुमार हिरानी की पहली वेब सीरीज़ ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के रेट्रो अंदाज़ वाले गाने ‘माफी’ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। श्रोताओं का खूब प्यार बटोर रहे इस भावुक गाने की शुरुआत भी बेहद अनोखी रही। स्वानंद ने इस गाने का बड़ा हिस्सा गोवा में अपनी एक फिल्म की शूटिंग के दौरान व्यस्त शेड्यूल के बीच व्हाट्सऐप पर लिखा। इस गाने को श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज़ दी है, शांतनु मोइत्रा ने इसका संगीत तैयार किया है और इसे मोना सिंह पर फिल्माया गया है, जो सीरीज़ में एक अहम भूमिका निभा रही हैं।शूटिंग में व्यस्त होने के बावजूद स्वानंद का पूरा ध्यान इस गाने की भावनाओं पर बना रहा। शूटिंग के बीच मिलने वाले छोटे-छोटे ब्रेक में वह अपने फोन पर गाने की लाइनें लिखते और सीधे राजकुमार हिरानी को व्हाट्सऐप पर भेज देते। जैसे ही हिरानी ने गीत पढ़ा, उन्होंने तुरंत उसे मंजूरी दे दी।

