यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया, यातायात चालू करने सफाई कार्य जारी
रुद्रप्रयाग । भारी बारिश का असर केदारनाथ यात्रा पर देखने को मिला है। गौरीकुण्ड से करीब एक किलोमीटर आगे छौड़ी क्षेत्र में केदारनाथ पैदल मार्ग पर अचानक बोल्डर और मलबा गिरने से मार्ग बाधित हो गया। जानकारी के मुताबिक मलबा गिरने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रियों की आवाजाही रोक दी है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। फिलहाल मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए राहत एवं सफाई कार्य जारी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार देर रात हुई लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से बड़े पत्थर और मलबा खिसककर सड़क पर आ गए। इससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई और यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबा और बोल्डर हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए गौरीकुण्ड और मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
अधिकारियों स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और मौसम की परिस्थितियों पर भी नजर रखी जा रही है। जैसे ही मार्ग सुरक्षित घोषित होगा, यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा। बारिश के चलते केदारघाटी में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें। यात्रा में तय मार्ग का ही इस्तेमाल करें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
रिपोर्ट के मुताबिक प्रशासन ने कहा है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह साफ होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। राहत और बचाव दल लगातार मौके पर जुटे हुए हैं ताकि जल्द से जल्द मार्ग बहाल कर यात्रा को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरुरी कदम उठा रहा है।

