वडोदरा से नवसारी तक सफाई अभियान ने पकड़ी रफ्तार, पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े पैमाने पर हो रहा वृक्षारोपण
गांधीनगर | 8 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वडोदरा तथा नवसारी की यात्रा पर आएंगे। इस अवसर पर उनके करकमलों से गुजरात में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इस बार गुजरात ने प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एक नया दृष्टिकोण अपनाया है। समग्र देश में स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन में रूपांतरित करने के लिए उनके नेतृत्व में हुई उल्लेखनीय सफलता को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रधानमंत्री का ‘स्वच्छता से स्वागत’ किया जाएगा। इस विशेष अभियान के हिस्से के रूप में हाल में वडोदरा तथा नवसारी में सप्ताहभर से विभिन्न सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।
स्वच्छता अभियान के लिए ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के साथ-साथ ‘सबका प्रयास’ महत्वपूर्ण है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
स्वच्छ भारत अभियान के विभिन्न पहलुओं के विषय में प्रधानमंत्री ने हमेशा देशवासियों के साथ संवाद किया है। उन्होंने कहा है, “स्वच्छता अभियान के लिए ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के साथ-साथ ‘सबका प्रयास’ महत्वपूर्ण है। वर्तमान पीढ़ी ने स्वच्छता अभियान को मजबूत करने के लिए पहल की है। टॉफी के रैपर्स अब कहीं भी जमीन पर नहीं फेंके जाते, बल्कि बच्चे उन्हें जेब में डालते हैं। छोटे बच्चे अब बड़ों को गंदगी टालने के लिए कहते हैं। सफाई एक जीवनशैली है, सफाई जीवन का मंत्र है।”
उल्लेखनीय है कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए श्री नरेन्द्र मोदी ने महत्वपूर्ण प्रयास किए थे। उस समय उन्होंने निर्मल गुजरात कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को एक जन आंदोलन का स्वरूप दिया था।
- वडोदरा में 250 गाँवों में सफाई अभियान
वडोदरा जिला प्रशासन द्वारा ‘स्वच्छता से स्वागत’ विशेष अभियान अंतर्गत स्वच्छ, हरियाले और स्वस्थ वडोदरा के निर्माण के संकल्प के साथ समग्र जिले में सघन सफाई एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया है। अब तक जिले के लगभग 250 गाँवों को इसमें शामिल किया गया है। अब तक कुल 313 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सफाई, 505 किलोमीटर सड़कों-मार्गों की सफाई और लगभग 1835 मीट्रिक टन ठोस कूड़े का निस्तारण किया गया है। यह कार्य अभी भी विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति पर है।
इस अभियान के दौरान मुख्य सड़कों-मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, गाँव के चौराहों, पंचायत कार्यालयों, स्कूल और आँगनबाड़ी परिसरों, स्वास्थ्य केन्द्रों, तालाबों, कुओं और जलाशयों के आसपास के क्षेत्रों से कचरा, मलबा और झाड़ियाँ हटाकर सघन सफाई की गई है। ठोस कूड़े के वैज्ञानिक संग्रहण, परिवहन और उचित निस्तारण की व्यवस्था को अधिक मजबूत किया गया है, जिससे लंबे समय तक स्वच्छता बनी रहे। वडोदरा के साथ नवसारी में भी सफाई अभियान चलाया गया है। - स्वच्छता के साथ वृक्षारोपण द्वारा पर्यावरण संरक्षण
स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा समग्र जिले में सरकारी जमीनों, सड़क के दोनों ओर, स्कूल-आँगनबाड़ी परिसरों, तालाबों और जलाशयों के आसपास तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष लगाए जा रहे हैं। लगाए गए पौधों के रखरखाव, संरक्षण और नियमित पानी देने तथा देखभाल की व्यवस्था पर विशेष बल दिया जा रहा है।
इस समग्र अभियान में स्थानीय अग्रणियों, स्वैच्छिक संस्थाओं, युवाओं और नागरिकों की सक्रिय लोक भागीदारी सुनिश्चित की गई है। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में जन जागृति कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। ‘स्वच्छता से स्वागत’ की इस संयुक्त पहल के माध्यम से नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को अधिक मजबूत बनाया जा रहा है।

