यूपी के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह समेत अन्य पर मामला दर्ज

देश

पॉश कालोनी के रास्ते में दीवार खड़ी करने पर हुआ था विवाद
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर मंगलवार की शाम लखनऊ में मामला दर्ज कर लिया गया। इसके साथ ही जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख मांडवी सिंह के पति विनय सिंह और उनके गनर के खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दरअसल लखनऊ में रास्ते के विवाद को लेकर जौनपुर के महराजगंज ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विनय सिंह ने दो नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसके बाद क्रास मुकदमे में मंगलवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विनय सिंह और उनके गनर सहित 10 अज्ञात के खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में मामला दर्ज करवाया गया है।
जानकारी अनुसार उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर मंगलवार की शाम लखनऊ में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख मांडवी सिंह के पति विनय सिंह और उनके गनर के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया। बताया जा रहा है कि मांडवी सिंह जौनपुर में महाराजगंज ब्लॉक की प्रमुख हैं, उनके पति विनय सिंह लखनऊ की पॉश कॉलोनी के मार्ग स्थल पर दीवार उठा रहे थे। इसका कॉलोनी के लोगों ने विरोध किया तो विनय सिंह ने धनंजय सिंह को फोन लगा कर, मौजूद लोगों से उनसे बात करने को कहा, लेकिन लोगों ने धनंजय सिंह से बात करने से मना कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया राइफल दिखाकर धमकाया जा रहा है। इस पर विनय सिंह भड़क गए और उन्होंने ईंट उठा लोगों की तरफ दौड़े। बताया जा रहा है कि विनय अपने साथ 8 से 10 सरकारी और निजी गनर लेकर पहुंचा था। यहां खासा विवाद हुआ और एक समय कॉलोनी में भगदड़ जैसे हालात बन गए। यह मामला सोमवार, 29 दिसंबर की शाम सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में स्वास्तिका सिटी कॉलोनी का बताया गया है। इसके बाद मंगलवार को कॉलोनी के लोगों ने पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर से मुलाकात कर घटना के वीडियो फुटेज सौंपे। इस पर कमिश्नर ने आदेश दिए जिस पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विनय सिंह और 8-10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।