नितिन नवीन का गुजरात दौरा: अहमदाबाद रिवरफ्रंट पर मॉर्निंग वॉक, गुजराती नाश्ते का लिया स्वाद

देश

इन्फोसिटी में आयोजित बजट मीट में उद्योगपतियों से किया संवाद, “प्रोग्रेसिव और विकास सूचक बजट” बताया
अहमदाबाद | भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 फरवरी से तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने राजधानी गांधीनगर के इन्फोसिटी क्षेत्र में आयोजित बजट मीट में राज्य के उद्योगपतियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। केंद्र सरकार के हालिया बजट पर बोलते हुए उन्होंने इसे “प्रोग्रेसिव और विकास सूचक बजट” बताया।
रिवरफ्रंट पर मॉर्निंग वॉक, युवाओं से सहज संवाद
आज तड़के सुबह नितिन नवीन ने साबरमती रिवरफ्रंट पर मॉर्निंग वॉक की। इस दौरान उनके साथ गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, अहमदाबाद शहर भाजपा अध्यक्ष प्रेरक शाह, कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। मॉर्निंग वॉक के दौरान उन्होंने अटल ब्रिज का भी दौरा किया और वहां उपस्थित स्थानीय युवाओं से विभिन्न समसामयिक विषयों पर आत्मीय बातचीत की। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
असली गुजराती नाश्ते का लिया स्वाद
रिवरफ्रंट पर सैर के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं और पार्टी नेताओं के साथ मिलकर पारंपरिक गुजराती नाश्ते का आनंद लिया। उन्होंने गर्मागर्म गाठिया, पोहा और उपमा का स्वाद चखा। हल्के-फुल्के और उत्साहपूर्ण माहौल में उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताया।
भद्रकाली मंदिर में किए दर्शन
दौरे के क्रम में नितिन नवीन ने अहमदाबाद के लाल दरवाजा स्थित भद्रकाली मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर अहमदाबाद की मेयर प्रतीभा जैन सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गुजरात दौरे के माध्यम से नितिन नवीन संगठन को मजबूत करने और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में सक्रिय नजर आए।