मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की मौजूदगी में गुजरात में 5.50 लाख किशोरियों को निःशुल्क टीकाकरण का लक्ष्य
अहमदाबाद | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से शनिवार को राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कराया गया, जिसके अंतर्गत प्रधानमंत्री की वर्चुअल उपस्थिति में अहमदाबाद स्थित सोला सिविल अस्पताल में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया की प्रेरक उपस्थिति में राज्यव्यापी एचपीवी टीकाकरण महाअभियान का भव्य प्रारंभ किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात 2007 से पोलियोमुक्त बना है और अब टीकाकरण की प्रक्रिया अधिक सरल एवं प्रभावशाली बनी है। पूर्व में जिन रोगों के लिए विदेश से टीके मंगवाने पड़ते थे, आज भारत स्वदेशी टीके बनाकर विश्व की सहायता करने की क्षमता अर्जित कर चुका है, जो आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है।
पानसेरिया ने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सुदूरवर्ती-दूरदराजी व्यक्ति की भी दवाई या पैसे के अभाव में मृत्यु न हो। इसके लिए आयुष्मान कार्ड की उपचार खर्च सीमा 5 लाख रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए की गई है। उन्होंने अंधश्रद्धा, अंधविश्वास तथा अफवाहों से दूर रहने का अनुरोध करते हुए कहा कि यह एचपीवी टीका वैज्ञानिक पद्धति से तथा चिकित्सकों की देखरेख में तैयार हुआ है। आज जब खाद्य पदार्थों में मिलावट के कारण कैंसर जैसे रोग बढ़ रहे हैं, तब उन्होंने पहला सुख निरोगी काया के सूत्र को सार्थक करने और हमारी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस टीकाकरण अभियान में भाग लेने का अनुरोध किया।
गुजरात सरकार द्वारा व्यापक टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत हर वर्ष बच्चों के टीकाकरण पर 240 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जाते हैं और अब इस कड़ी में एचपीवी टीके को भी शामिल किया गया है। बाजार में इस वैक्सीन के एक डोज की कीमत लगभग 3000 रुपए है, परंतु राज्य सरकार द्वारा 150 करोड़ रुपए आवंटित कर यह टीका पूरी तरह निःशुल्क लगाने का ऐतिहासिक निर्णय किया गया है।
इस महत्वाकांक्षी अभियान अंतर्गत गर्भाशय के मुख के कैंसर की रोकथाम के लिए राज्य की 14 वर्ष पूरे कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की अनुमानित 5.50 लाख किशोरियों को टीकाकरण से सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। भारत में महिलाओं में होने वाले कुल कैंसर में सर्वाइकल कैंसर दूसरे स्थान पर है, जिसमें मुख्यतः एचपीवी-16 व एचपीवी-18 प्रकार के वायरस जिम्मेदार हैं। इस गंभीर स्थिति को ध्यान में रखकर अत्यंत प्रभावशाली तथा सुरक्षित क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन अब गुजरात की किशोरियों को प्रदान की जाएगी।
इस अभियान के सुचारु संचालन के लिए 2297 प्रशिक्षित टीकाकरण टीमें तथा इतने ही कोल्ड चेन पॉइंट्स कार्यरत किए गए हैं। टीके की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए +2 डिग्री सेल्सियस से +8 डिग्री सेल्सियस तापमान में स्टोरेज की सुविधा के साथ TeCHO+ तथा SAFE-VAC पोर्टल पर रियल-टाइम ट्रैकिंग की जाएगी।
सरकार द्वारा ‘सर्वाइकल कैंसर से बेटी को बचाएँ, समय पर एचपीवी टीका लगवाएँ’ के मंत्र के साथ सभी अभिभावकों से भावपूर्ण अपील की गई है कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को यह टीका लगवाकर उनके कैंसर मुक्त भविष्य की गारंटी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव राजीव टोपनो, मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. रतनकँवर गढवीचारण, महानगर पालिका स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांग दाणी, मनपा में शासक पक्ष के नेता गौरांग प्रजापति, स्वास्थ्य विभाग व सोला सिविल अस्पताल के अधिकारी व कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकीं बेटियाँ आदि उपस्थित रहे।

