वाराणसी से 10 नई उड़ानें शुरु, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, विजयवाड़ा उड़ेंगे विमान

ताज़ा खबर देश-विदेश

नई उड़ानों के विमान का आंकड़ा 54 तक पहुंचा, यात्रियों की संख्या में होगी बढ़ोतरी
वाराणसी । शनिवार एक अगस्त से वाराणसी एयरपोर्ट से एक-दो नहीं सीधे 10 नई उड़ानों की शुरुआत हो गई। नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और विजयवाड़ा जैसे बड़े शहरों के लिए आने-जाने में आसानी होगी। इन उड़ानों में एयर इंडिया एक्सप्रेस सबसे ज्यादा उड़ानें बढ़ाने जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से वाराणसी से मुंबई के लिए दो नई उड़ानें शुरू की। इसके साथ ही दिल्ली के लिए भी एक अतिरिक्त उड़ान शुरू की।
इससे दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों को समय के मुताबिक उड़ान चुनने का बेहतर विकल्प मिलेगा। कारोबार और नौकरी के सिलसिले में इन दोनों शहरों के बीच आवागमन करने वाले लोगों की संख्या ज्यादा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आकासा एयर वाराणसी से बेंगलुरु के बीच नई उड़ान शुरू करेगी। यह उड़ान हर दिन संचालित होगी। पिछले दिनों दक्षिण भारत के शहरों के लिए सीधी उड़ान कम होने से यात्रियों को परेशानी होने लगी थी। इंडिगो एयरलाइन विजयवाड़ा के लिए नई उड़ान शुरू करेगी। इससे दक्षिण भारत का एक और शहर से काशी का सीधा कनेक्ट हो जाएगा। कुल मिलाकर 1 अगस्त से 10 नई उड़ानें हवाई अड्डे से जुड़ रही हैं। मौजूदा समय में वाराणसी हवाई अड्डे पर हर दिन 22 विमानों का आना-जाना होता है। इस तरह कुल 44 उड़ानों का संचालन हो रहा है। नई उड़ानों के जुड़ने के बाद यह आंकड़ा 54 तक पहुंच जाएगा। इससे हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
पू्र्व में होता था 84 उड़ानों का संचालन
बता दें इस साल की शुरुआत में वाराणसी से हर दिन करीब 84 उड़ानों का संचालन होता था। रोजाना 10 से 12 हजार यात्रियों की आवाजाही होती थी, लेकिन हवाई ईंधन के रेट बढ़ने से धीरे-धीरे उड़ानों की संख्या घटती गई। मौजूदा समय में यह संख्या घटकर 44 उड़ानों तक सिमट गई थी। इस बारे में वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को फायदा होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। काशी में सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसके अलावा बाहर से आने वाले सैलानियों की संख्या भी बढ़ेगी।