असम में ऐतिहासिक सबसे ज्यादा 85.91 प्रतिशत मतदान तो पुडुचेरी में करीब 90 फीसद पड़े वोट

ताज़ा खबर देश

केरलम में भी सर्वाधिक वोटिंग का रिकॉर्ड

नई दिल्ली । देश के दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में इस बार रिकॉर्ड तोड़ मतदान देखने को मिला। असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में गुरुवार को भारी मतदान दर्ज किया गया, जिसे लोकतंत्र के प्रति लोगों की मजबूत भागीदारी बताया जा रहा है।
जानकारी अनुसार असम में राज्य गठन (1950) के बाद पहली बार सबसे अधिक 85.91 प्रतिशत मतदान हुआ है। इससे पहले 2016 के विधानसभा चुनाव में 84.7 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। गौरतलब है कि असम राज्य की 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। 35 में से 26 जिलों में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। साउथ सलमारा मनकचर जिले में सर्वाधिक 95.56 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वेस्ट कार्बी आंगलॉन्ग में सबसे कम 75.25 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
वहीं केरल में 1987 के बाद दूसरी सबसे ज्यादा वोटिंग हुई। राज्य में 78.27 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। 140 विधानसभा सीटों वाले इस राज्य में 2.6 करोड़ से अधिक मतदाता हैं और 883 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कोझिकोड जिले में सबसे ज्यादा 81.32 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पथनमथिट्टा में सबसे कम 70.76 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी ऐतिहासिक मतदान हुआ। यहां 30 सीटों के लिए 89.87 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। इससे पहले 2006, 2011 और 2016 के चुनावों में करीब 85 प्रतिशत मतदान हुआ था। पुडुचेरी जिले में 90.47 प्रतिशत और कराईकल में 86.77 प्रतिशत मतदान हुआ।
चुनाव आयोग के अनुसार ये आंकड़े 09 अप्रैल को हुए मतदान के बाद 10 अप्रैल सुबह 8 बजे तक प्राप्त आंकड़ों पर आधारित है। अंतिम आंकड़ों की घोषणा अभी बाकी है। भारी मतदान को चुनावी प्रक्रिया में जनता की बढ़ती भागीदारी और जागरूकता का संकेत माना जा रहा है।