:: जलूद सोलर प्लांट और डिजिटल पोर्टल के शुभारंभ पर हुई चर्चा ::
इंदौर । इंदौर के प्रथम नागरिक और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने इंदौर नगर निगम की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं और आगामी विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त किया। महापौर ने मुख्यमंत्री को इंदौर नगर निगम द्वारा हाल ही में प्रस्तुत किए गए डिजिटल बजट की बारीकियों से अवगत कराते हुए बताया कि कैसे तकनीक के माध्यम से वित्तीय प्रक्रियाओं को पारदर्शी और सुलभ बनाया जा रहा है।
मुलाकात का एक मुख्य केंद्र आम नागरिकों को मिलने वाली राहत रही। महापौर ने मुख्यमंत्री से स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लिए जा रहे नक्शा शुल्क को सामान्य करने का विशेष आग्रह किया। उन्होंने तर्क दिया कि शुल्क की दरों में सामंजस्य बैठने से मध्यम वर्गीय परिवारों को अपना घर बनाने में बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। चर्चा के दौरान इंदौर के जलूद में स्थापित किए गए विशाल सोलर प्लांट के विधिवत संचालन और उससे होने वाली बिजली बचत के रोडमैप पर भी विमर्श हुआ। साथ ही, महापौर ने नगर निगम के नवनिर्मित डिजिटल पोर्टल के औपचारिक शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री को इंदौर आने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर की इन नवाचारी पहलों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

