वसूली का वीडियो भी आया सामने, परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार, मां पर भी एफआईआर
पानीपत । हरियाणा के पानीपत में आसाराम यौन शोषण मामले के मुख्य गवाह महेंद्र चावला को पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। चावला पर एक सरपंच से 70 लाख रुपये हड़पने और अतिरिक्त 80 लाख रुपये मांगने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए महेंद्र सहित उसके भाई और भतीजे को भी दबोचा है। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार महेंद्र ने सरपंच को ब्लैकमेल कर 70 लाख रुपये वसूल किए थे। इस वसूली का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महेंद्र का भाई एक मध्यस्थ के घर से रुपयों से भरा बैग ले जाता दिख रहा है। सीआईए ने मामले में कार्रवाई करते हुए महेंद्र, उसके भाई देवेंद्र और भतीजे राम को गिरफ्तार किया है। महेंद्र की मां गोपाली देवी पर भी एफआईआर दर्ज की गई है। गौरतलब है कि महेंद्र चावला आसाराम यौन शोषण मामले के अहम गवाह थे और उन्हें पुलिस सुरक्षा भी मिली थी। साल 2019 में उन पर हमला भी हुआ था। पानीपत के सनौली खुर्द गांव का रहने वाला महेंद्र 1996 में आसाराम से जुड़ा था, लेकिन 2008 में बच्चों की मौत और 2013 में आसाराम व उसके बेटे नारायण साई पर लगे यौन शोषण के आरोपों के बाद उसने दूरी बना ली थी। 2013 के मामले में महेंद्र ने ही आसाराम के खिलाफ गवाही दी थी।

