राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत अजमाने उतरे
चेन्नई । तमिलनाडु विधानसभा की सभी 234 सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। राज्य में सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से मतदाता पहुंचने शुरू हो गए। गुरुवार को कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कराईकुडी में अपना वोट डाला और स्याही लगी उंगली दिखाई। भारतीय चुनाव आयोग ने साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक तमिलनाडु में 17.69फीसदी मतदान हो गया था। वहीं चेन्नई के थिरुवनमियूर इलाके में एक मतदान केंद्र पर अजीत कुमार ने अपना वोट डाला। लोकप्रिय अभिनेता कमल हसन बेटी श्रुति हसन के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे और उन्होंने भी अपना वोट डाला।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी जरुरी प्रबंध किये हैं। राज्य भर में कुल 75,032 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 5,938 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों की विशेष निगरानी की जा रही है। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 300 कंपनियों तैनात की है। कुल मिलाकर सुरक्षा व्यवस्था के तहत राज्य के करीब 1.50 लाख सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। इनमें 1.18 लाख नियमित पुलिसकर्मी और 20,000 कर्मी रैपिड एक्शन फोर्स, होम गाडर्, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी शामिल हैं।
राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत अजमाने उतरे हैं, जिनमें 443 महिला उम्मीदवार हैं। राज्य में 5.67 करोड़ मतदाताओं में से 2.70 करोड़ से अधिक पुरुष, 2.89 करोड़ महिलाएं और 7,728 उभयलिंगी मतदाता हैं। राज्य में 18-19 आयु वर्ग में कुल 12.51 लाख तथा 20-29 आयु वर्ग में 1.05 करोड़ मतदाता हैं। मतदान के बाद ईवीएम सील करके मतगणना केंद्रों के‘स्ट्रॉन्ग रूममें ले जाया जाएगा, जहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
बता दें तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ द्रविड़ मनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन और उसके मुख्य प्रतिद्वंदी अन्नाद्रमुक-बीजेपी गठबंधन के बीच है। इस बार अभिनेता सी जोसफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने कुछ सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

