केंद्रीय विद्युत सचिव ने किया बिरसिंगपुर थर्मल पावर स्टेशन का दौरा, एमपी की कार्यकुशलता को सराहा

मध्य प्रदेश

:: उत्पादन प्रदर्शन और फ्लाई ऐश प्रबंधन की तारीफ; कोयला गुणवत्ता की चुनौतियों के समाधान का दिया भरोसा ::
उमरिया/इंदौर । भारत सरकार के विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने संजय गांधी ताप विद्युत गृह, बिरसिंगपुर का एक दिवसीय दौरा कर वहां की विद्युत उत्पादन क्षमता, संचालन दक्षता और कोयला प्रबंधन प्रक्रियाओं का विस्तृत अवलोकन किया। इस मौके पर उन्होंने मध्य प्रदेश की विद्युत उत्पादन प्रणाली और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए इसे देश के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बताया। उन्होंने मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह और वरिष्ठ अभियंताओं के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी की।
बैठक के दौरान प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने केंद्रीय सचिव के समक्ष कोयले की लोडिंग, अनलोडिंग, सैंपलिंग और परीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया का प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान उन्होंने बिजली संयंत्रों के सामने आने वाली कोयले की गुणवत्ता और ग्रेड निर्धारण से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों को प्रमुखता से उठाया। केंद्रीय विद्युत सचिव ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कोयला गुणवत्ता और ग्रेड विभेद के मुद्दों पर सकारात्मक व व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
:: सिंगाजी थर्मल पावर स्टेशन का मॉडल सराहा, परिसर में किया पौधारोपण ::
केंद्रीय सचिव पंकज अग्रवाल ने बिजली कंपनी द्वारा किए जा रहे फ्लाई ऐश (राख) प्रबंधन और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण व्यवस्था की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने खंडवा स्थित श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह में विकसित की गई राख निस्तारण प्रणाली को इस क्षेत्र में एक बेहतरीन और अनुकरणीय मॉडल बताया। दौरे के दौरान केंद्रीय सचिव, प्रबंध संचालक और वरिष्ठ अभियंताओं ने विद्युत गृह परिसर में पौधारोपण भी किया। श्री अग्रवाल ने संयंत्र परिसर में विकसित हरित वातावरण, स्वच्छता और सुव्यवस्थित औद्योगिक प्रबंधन की जमकर तारीफ की।
:: अभियंताओं और कर्मचारियों का बढ़ेगा उत्साह ::
बिजली कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने केंद्रीय विद्युत सचिव के इस दौरे को बिरसिंगपुर संयंत्र और पूरी कंपनी के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की तकनीकी उत्कृष्टता और विश्वसनीय विद्युत उत्पादन की प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिलना बेहद उत्साहवर्धक है। इससे भविष्य में और अधिक प्रभावी व परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक और दौरे के दौरान तकनीकी निदेशक सुबोध निगम, कार्यपालक निदेशक (उत्पादन) एच.के. त्रिपाठी, मुख्य अभियंता उदित अग्रवाल और अतिरिक्त मुख्य अभियंता अशोक कुमार तिवारी सहित कंपनी के कई वरिष्ठ अभियंता और तकनीकी अधिकारी उपस्थित थे।