उत्तराखंड में तेज बारिश से केदारनाथ हाईवे पर भूस्खलन, मुनकटिया का रास्ता बंद

ताज़ा खबर देश

सड़क से मलबे को हटाने बड़ी मशीनें और जेसीबी लगातार कर रही काम
रुद्रप्रयाग । उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश जारी है। इस वजह से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रुद्रप्रयाग जिले और केदारनाथ धाम के आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। इसी बीच सोनप्रयाग के पास मुनकटिया में बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस भूस्खलन की वजह से केदारनाथ मुख्य हाईवे का एक हिस्सा मलबे से भर गया है, जिससे गाड़ियों का आना-जाना रुक गया। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और रास्ते को साफ करने का काम तेज कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गौरीकुंड के पास मुनकटिया में पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे हैं, जिससे हाईवे बंद हो गया है। इस रास्ते को दोबारा चालू करने के लिए जिला प्रशासन ने मशीनें और जेसीबी काम पर लगा दी हैं। सड़क से मलबे को हटाने का काम तेजी से जारी है। मौसम के खराब मिजाज और भूस्खलन के खतरों को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। केदारनाथ यात्रा के रास्ते पर किसी भी इमरजेंसी या मुसीबत से निपटने के लिए रेस्क्यू और रेस्पॉन्स टीमें लगातार नजर रख रही हैं, ताकि यात्रियों को तुरंत मदद दी जा सके।
आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी ने सभी विभागों और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। यात्रा मार्ग पर जिन भी अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें अपने तय स्थानों पर पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा है। प्रशासन का कहना है कि केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सही तरीके से चलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। तीर्थयात्रियों को भी यह सलाह दी गई है कि वे मौसम का हाल जानने और प्रशासन के नियमों को समझने के बाद ही अपनी यात्रा में आगे बढ़ें।