सपा का घोषणापत्र: स्नातक बेरोजगारों को 5 हजार रुपये, किसानों का कर्ज माफ

ताज़ा खबर देश-विदेश

-शिक्षा मित्रों को शिक्षक के बराबर वेतन, गांवों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली और बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें स्नातक किए युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने, 1.5 लाख शिक्षा मित्रों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने और गांवों में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। पार्टी ने किसानों की कर्जमाफी और फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने की भी घोषणा की है।
चुनावी घोषणापत्र में बुजुर्ग महिलाओं, मजदूरों और कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का प्रस्ताव रखा गया है। सपा ने गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने, बंद पड़े स्कूलों को दोबारा खोलने और पुरानी पेंशन बहाली की दिशा में काम करने का वादा भी किया है। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ही ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को बेहतर वेतन दिया जाएगा। उन्हें स्थायी करने की दिशा में भी काम करने का आश्वासन दिया गया है।
2022 के कई वादे फिर शामिल
सपा के 2027 के घोषणापत्र में 2022 के कई प्रमुख मुद्दों को दोबारा शामिल किया गया है। इनमें किसानों की कर्जमाफी, फसलों पर एमएसपी, रोजगार और पेंशन प्रमुख हैं। हालांकि, पार्टी ने इस बार कुछ योजनाओं में आर्थिक सहायता बढ़ाने और लाभार्थियों का दायरा विस्तृत करने का दावा किया है। वर्ष 2022 में जरूरतमंद महिलाओं को सालाना 18 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया था, जबकि इस बार बुजुर्ग महिलाओं के साथ मजदूरों और कारीगरों को भी सालाना 40 हजार रुपये देने की बात कही गई है।
आजम बोले- पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे
घोषणापत्र जारी होने के दौरान सपा नेता आजम खान ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि देश में मौजूदा हालात चिंताजनक हैं और बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे युवा आत्महत्या कर रहे हैं। आजम खान ने कहा कि लोगों के लिए मौत सस्ती और जिंदगी महंगी हो गई है।