बिहारी ठेकुआ का स्वाद चखा स्लोवाकिया संसद अध्यक्ष ने और साझा किया वीडियो
पीएम मोदी का सांस्कृतिक उपहार बना चर्चा का विषय
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया स्लोवाकिया यात्रा के दौरान दिया गया एक खास सांस्कृतिक उपहार अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। स्लोवाकिया की संसद के अध्यक्ष रिचर्ड रासी ने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से भेंट किए गए बिहार के पारंपरिक व्यंजन ठेकुआ का स्वाद चखते हुए एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में रासी न केवल ठेकुआ खाते हुए दिखाई देते हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं की भी सराहना करते हैं।
रिचर्ड रासी ने वीडियो में उपहार का बॉक्स खोलकर ठेकुआ निकाला और उसका स्वाद लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक उपहार नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की झलक प्रस्तुत करता है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी यह विशेष उपहार बिहार से लेकर आए थे, जो अपनी सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं के लिए विश्वभर में जाना जाता है। रासी ने ठेकुआ के स्वाद की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसे चखने पर उन्हें स्लोवाकिया की कुछ पारंपरिक मिठाइयों की याद आ गई। उन्होंने इसे दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत के बीच एक सुखद समानता का प्रतीक बताया। उनका कहना था कि ऐसे उपहार केवल वस्तुओं का आदान-प्रदान नहीं होते, बल्कि वे विभिन्न देशों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।
संसद के अध्यक्ष ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बिहार का प्रसिद्ध ठेकुआ भेंट किया था, जबकि उन्होंने प्रधानमंत्री को हिंदी में लिखे विशेष स्लोवाक स्पा वेफर्स उपहार स्वरूप दिए। इस सांस्कृतिक आदान-प्रदान को दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों और पारस्परिक सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया का दौरा किया था, इसी दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने के साथ-साथ सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती देने पर जोर दिया गया था। रिचर्ड रासी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है और भारतीय पारंपरिक व्यंजन ठेकुआ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रहा है।

