हॉरर फिल्म द एक्सॉर्सिस्ट देखने से बिगडी दर्शकों की तबीयत

मनोरंजन

लॉस एंजेलस । हॉरर फिल्म ‘द एक्सॉर्सिस्ट’ जिसे दुनिया की सबसे डरावनी फिल्मों में गिना जाता है। इस फिल्म को लेकर सालों से कई चौंकाने वाले दावे किए जाते रहे हैं। ‘द एक्सॉर्सिस्ट’ 53 साल पहले यानी 1973 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। कहा जाता है कि इसे देखने के दौरान कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। कुछ लोग बेहोश हो गए, तो कुछ के बारे में दावा किया गया कि उन्हें खून की उल्टियां होने लगी थीं। यही वजह है कि आज भी यह फिल्म चर्चा का विषय बनी रहती है।
यह एक हॉरर और मिस्ट्री फिल्म है, जिसकी कहानी एक छोटी बच्ची और उसके शरीर में कथित तौर पर प्रवेश कर चुकी बुरी आत्मा के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की कहानी, डरावने दृश्य और साउंड इफेक्ट्स उस समय दर्शकों के लिए बिल्कुल नए थे। रिलीज के बाद लोगों में इसे देखने की जबरदस्त उत्सुकता थी। करीब 104.96 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 3,858.94 करोड़ रुपये की कमाई कर इतिहास रच दिया। फिल्म की कहानी एक मासूम बच्ची के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर एक बुरी आत्मा का साया हो जाता है। इसके बाद बच्ची का व्यवहार पूरी तरह बदल जाता है। उसकी मां, जो एक मशहूर अभिनेत्री होती है, बेटी की अजीब हरकतों से परेशान होकर उसे कई डॉक्टरों को दिखाती है। जब कोई इलाज काम नहीं आता, तो आखिर में वह एक पादरी की मदद लेती है, जो बच्ची से बुरी आत्मा को बाहर निकालने की कोशिश करता है।
इस फिल्म का हर सीन इतना खौफनाक है कि देखने वालों की रूह कांप जाती है। इस फिल्म को लेकर कई मीडिया रिपोर्ट्स और चर्चाओं में दावा किया गया कि फिल्म के प्रदर्शन के दौरान कई दर्शकों की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। कुछ लोग थिएटर में ही बेहोश हो गए, जबकि कुछ को घबराहट और उल्टी जैसी समस्याएं होने लगीं। कुछ रिपोर्ट्स में यहां तक दावा किया गया कि कुछ लोगों को खून की उल्टियां हुईं और कई दर्शकों को अस्पताल तक ले जाना पड़ा। वहीं, ब्रिटेन की कुछ पुरानी मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि फिल्म देखने के बाद कुछ लोगों की हार्ट अटैक से मौत हुई थी। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पूरी तरह पुष्टि नहीं हो पाई है। फिर भी इन घटनाओं ने फिल्म को लेकर रहस्य और डर दोनों को और बढ़ा दिया।
इस फिल्म को लेकर एक और मशहूर दावा यह भी है कि इसकी शूटिंग के दौरान कई अजीब घटनाएं हुई थीं। कहा जाता है कि फिल्म से जुड़े कई कलाकारों और क्रू मेंबर्स की अलग-अलग कारणों से मौत हो गई या वे हादसों का शिकार हुए। अभिनेता जैक मैकगोवरन और अभिनेत्री वासिलिकी मालियारोस, जिनके किरदार फिल्म में मर जाते हैं, उनकी वास्तविक जीवन में भी फिल्म रिलीज के कुछ समय बाद ही मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद कई लोगों ने फिल्म को “शापित” कहना शुरू कर दिया। हालांकि, इन दावों के पीछे कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं।