इंदौर में मुख्यमंत्री का पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया अभिनंदन, बोले- समयबद्ध पदोन्नति से बढ़ा मनोबल ::
इंदौर । प्रदेश में पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को मिली पदोन्नति के बाद इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय अभिनंदन किया गया। पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार के समयबद्ध पदोन्नति संबंधी प्रयासों से लंबे समय से प्रतीक्षित अवसर मिले हैं, जिससे कर्मचारियों में उत्साह और कार्यक्षमता का नया संचार हुआ है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर पदोन्नत पुलिस अधिकारियों को बैच लगाकर सम्मानित किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और जनविश्वास बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सरकार पुलिसकर्मियों के कल्याण, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है।
:: जिम्मेदारी बढ़ी, अपेक्षाएं भी बढ़ीं ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि पदोन्नति केवल पद और दायित्व में बदलाव नहीं है, बल्कि यह सरकार के विश्वास और अधिकारी-कर्मचारी की सेवाओं की मान्यता भी है। उन्होंने पदोन्नत अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे नई भूमिका में पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करेंगे तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
:: अन्य विभागों के कर्मचारियों ने भी जताया आभार ::
राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी पदोन्नति मिलने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। कर्मचारियों ने कहा कि पदोन्नति से आत्मविश्वास बढ़ता है और वे प्रदेश के विकास एवं सुशासन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के संरक्षण और उनकी सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सशक्त और उत्साहित कर्मचारी ही बेहतर प्रशासन की नींव होते हैं।
कार्यक्रम में पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रदेश के विकास, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनसेवा के संकल्प को दोहराया।

