विस: केन बेतवा परियोजना के तहत पुनर्वास, मुआवजे की होगी जांच

मध्य प्रदेश

विपक्ष ने कहा- घपले हुए हैं सीएम बोले-जांच करा लेंगे
भोपाल । राज्य विधानसभा में आज केन बेतवा लिंक परियोजना के तहत पुनर्वास और मुआवजे में हुई विसंगतियों को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मामले को उठाते हुए आरोप लगाया कि कई लोग ऐसे हैं जिनका कोई अता पता नहीं है लेकिन मुआवजा बांट दिया गया। इसी दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सदन को भरोसा दिलाते हुए कहा चिंता की कोई बात नहीं है इसकी जांच करा लेंगे।
दरअसल, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केन बेतवा परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजे को लेकर सवाल किया। सिंघार ने कई परिवारों को मुआवजा नहीं मिलने की बात कही। साथ ही करोड़ों के घोटाले का आरोप भी लगाया। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि पन्ना के 7 गांवों के 1321 परिवारों का विस्थापन किया गया। 8 गांवों में 1699 किसानों की भूमि अधिग्रहण से प्रभावित हुई। छतरपुर के कुल 14 गांव समेत कुल 3718 परिवार विस्थापित भूमि अधिग्रहण से प्रभावित है। यदि कोई ग्रामीण दावा करते हैं तो परीक्षण कर मुआवजा दिया जाएगा। उमंग सिंघार की मांग पर करण सिंह वर्मा सर्वे रिपोर्ट को पटल पर रखेंगे। वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कोई अनियमितता हुई है, कोई मुआवजे से छुटे हैं, सभी बातों का निराकरण होगा। एक महीने में जांच कर सभी बातों का निराकरण हो जाएगा।