गोरखपुर । गोरखपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक उड़ान का पिछला हिस्सा लैंडिंग के दौरान जमीन से टकरा गया। इस घटना के बाद विमान को तत्काल प्रभाव से उड़ान भरने से रोक दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट के साथ यह हादसा हुआ। विमान का टेल जमीन से टकराने के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को नियमानुसार सूचित किया। इसके बाद एक जांच टीम गोरखपुर पहुंची और विमान का गहन निरीक्षण किया।
इंडिगो एयरलाइंस ने बताया कि 19 अगस्त को लैंडिंग से पहले सुरक्षा कारणों से विमान ने गो-अराउंड (दोबारा चक्कर लगाना) करने का फैसला किया था, जिसके बाद उसने गोरखपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। एयरलाइन ने पुष्टि की कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित थे।
जांच के दौरान विमान के एपीयू इनलेट के पास खरोंच मिली है। इंडिगो प्रवक्ता के मुताबिक, फिलहाल विमान की मरम्मत का काम हो रहा है। एयरलाइन ने जोर दिया कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही विमान को फिर से सेवा में लाया जाएगा।

