लखनऊ । यूपी की चर्चित आईएएस दिव्या मित्तल (43) ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। अभी वह लखनऊ में राजस्व विभाग में विशेष सचिव थीं। दिव्या ने मुख्य सचिव एसपी गोयल को इस्तीफा भेज दिया है। रविवार सुबह उन्होंने फेसबुक-इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी। दिव्या मित्तल का अचानक इस्तीफा ब्यूरोक्रेसी में सुर्खियों में है। इस्तीफा क्यों दिया, यह स्पष्ट नहीं है। हालांकि, चर्चा है कि 4 महीने से वह साइडलाइन थीं। फील्ड पोस्टिंग चाहती थीं। 2013 बैच की दिव्या मित्तल 13 साल से नौकरी कर रही थीं। अभी उनकी 17 साल की नौकरी बची हुई थी। दिव्या मित्तल मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया की डीएम रह चुकी हैं। काम को लेकर बेहद सख्त मानी जाती थीं। अफसरों को मौके पर ही फटकार लगा देती थीं। 4 महीने पहले ही देवरिया डीएम से उनका ट्रांसफर लखनऊ हुआ था।

