जो बात कही नहीं उसे मुंह में डालिए नहीं, मैं अपनी बात पर कायम, जो करना है कर लो

देश-विदेश

-प्रशांत किशोर ने गोली मारने वाले बयान पर कहा- गलत तरीके से किया गया पेश
पटना । जन सुराज पार्टी के नेता और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने गोली मारने वाले बयान पर कहा है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने एक बार फिर सीएम सम्राट चौधरी पर तीखा प्रहार किया। प्रशांत का एक गोली मारने की चर्चा वाला बयान वायरल हुआ जिसके बाद बीजेपी और जदयू के कई नेता भड़क गए।
प्रशांत किशोर ने शनिवार को एमएलसी चुनाव में अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने निकले। उन्होंने पत्रकारों से बात की। सीएम सम्राट चौधरी को गोली मारने की बात पर पीके ने कहा कि बोला कुछ और बना दिया गया कुछ और। उन्होंने कहा कि आपके कैमरे पर कह रहे हैं कि सम्राट चौधरी सातवीं फेल हैं, अनपढ़ हैं, अपराधी हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं, इससे कम कुछ नहीं। प्रशांत ने आगे कहा कि जो बात मैनें कही नहीं उसे मुंह में डालिए नहीं, और जो बात मैंने कही है उस पर कायम हूं। जो करना है कर लो।
बता दें शुक्रवार को प्रशांत किशोर का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिस पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भड़क गए। उस वीडियो में प्रशांत किशोर बिहार में अपराधियों के एनकाउंटर पर अपना पक्ष रख रहे थे। वीडियो में वे कह रहे हैं कि अपराधियों को अगर गोली मारना है तो सम्राट चौधरी से बड़ा अपराधी कौन है। यह आदमी सात आदमी की हत्या में जेल काटकर आया है। यह वीडियो एमएलसी चुनाव में सीतामढ़ी की एस जनसभा का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आते ही राजनीतिक महकमे में कोलाहल शुरू हो गया। संजय सरावगी ने प्रशांत किशोर को निशाने पर लिया और कहा कि जिम्मेदार संवैधानिक पर बैठे व्यक्ति के लिए ऐसी भाषा प्रयोग करना जायज और लोकतांत्रिक नहीं है।
प्रशांत किशोर के वीडियो पर पूर्व मंत्री सह जदयू के कद्दावर श्याम रजक ने भी रिऐक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसा बयान कोई समझदार आदमी नहीं दे सकता। किसी लफुआ टाइप आदमी ही इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर सकता है। हम लोग तो प्रशांत को बुद्धिजीवी आदमी समझते थे। उनसे पूछना है कि जिस व्यक्ति पर राज्य की 14 करोड़ की जनता को भरोसा है उसके बारे में अनर्गल आरोप लगाना कहीं से सही नहीं लगता, जिस प्रकार के शब्दों का चयन कर रहे हैं उसे कभी सही नहीं कहा जा सकता। अगर सम्राट चौधरी के खिलाफ कोई सबूत है तो कोर्ट में जाइए।