बांग्लादेश जैसे हालात भारत में नहीं हो सकते: सीएम सुवेंदु

ताज़ा खबर देश-विदेश

-पीएम मोदी की एकजुटता की अपील का समर्थन कर बोले- सरकार बदलने का एकमात्र रास्ता चुनाव
नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशहित में सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश में सरकार बदलने का एकमात्र उचित तरीका लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया है। देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव व्यवस्था का सम्मान किया जाना चाहिए। बांग्लादेश के हालात का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में राष्ट्रपति भवन या संसद में अचानक घुसकर सत्ता परिवर्तन जैसी स्थिति पैदा नहीं की जा सकती।
सीएम अधिकारी ने कहा कि यदि भारत में इस तरह की कोई घटना होती है, तो देश के 80 प्रतिशत लोग इसका विरोध करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी को लोकतंत्र मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया। उनके अनुसार, देश में राजनीतिक बदलाव संवैधानिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत ही होने चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में विजयादशमी कार्यक्रम के दौरान सभी राजनीतिक दलों से देशहित में मिलकर काम करने और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने का आह्वान किया था। उनकी यह अपील ऐसे समय आई है, जब केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने के लिए राजनीतिक दलों के बीच सहमति बनाने का प्रयास कर रही है।
आर्थिक और रक्षा क्षेत्र की प्रगति का उल्लेख
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने भारत की आर्थिक और रक्षा क्षेत्र में बढ़ती क्षमता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले भारत रक्षा उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर अधिक निर्भर था, लेकिन अब देश 50 से अधिक देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में भारत दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में 12वें स्थान पर था, जबकि अब वह चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। अधिकारी ने इन उपलब्धियों को देश की बढ़ती क्षमता से जोड़ते हुए राष्ट्रीय हितों के लिए एकजुट प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।