पटना । बिहार के बेगूसराय के एक गांव से निकलकर मुंबई पहुंचे ऋतिक कुमार की बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तारी के बाद उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल और लाइफस्टाइल चर्चा का विषय बन गई है। इंस्टाग्राम पर 7 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स, प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज के आधिकारिक पेज भजन मार्ग ऑफिशियल को फॉलो करना, स्टाइलिश रील्स, जिम के वीडियो और महंगी गाड़ियों के साथ तस्वीरें ऋतिक की ऑनलाइन दुनिया को उसके साधारण पारिवारिक परिवेश से बिल्कुल अलग दिखाती हैं।
एक तरफ, ऋतिक के पिता रामू महतो गांव में लिट्टी-समोसे और नाश्ते की दुकान चलाते हैं, जबकि मां संयुक्ता देवी एक मेकअप की दुकान संभालती हैं। परिवार मूल रूप से मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा गांव का निवासी बताया जाता है, जो अब डुमरी में रहता है। दूसरी तरफ, ऋतिक के इंस्टाग्राम अकाउंट ऋतिक लाइफस्टाइल पर दिखाई देने वाली तस्वीरें और वीडियो उसकी एक अलग ही जीवनशैली की झलक पेश करते हैं। उसकी प्रोफाइल पर मौजूद वीडियो में वह अलग-अलग जगहों पर स्टाइलिश अंदाज में नजर आता है, जिम में कसरत करते हुए दिखता है और शरीर पर टैटू भी बनवाए हैं। महंगी गाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाना और रील्स बनाना उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों का अहम हिस्सा था। इस विरोधाभास के सामने आने के बाद उसकी जीवनशैली को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं, जिसका वास्तविक कारण अभी सामने नहीं आया है। परिजनों के मुताबिक, ऋतिक कई सालों तक दिल्ली में काम करने के बाद मुंबई चला गया था, जहां वह छह महीने से अधिक समय से कुकिंग और रैपिडो से जुड़े काम कर रहा था। उसकी मां संयुक्ता देवी ने बताया कि उन्होंने बेटे को बाइक खरीदने के लिए 41 हजार रुपये भेजे थे। मां का दावा है कि उनके बेटे को इस मामले में फंसाया गया है, और आशंका जताई है कि उसके दोस्त उसे लालच देकर या बहकाकर इस घटना में शामिल कर सकते हैं।
मुंबई में रहते हुए ऋतिक का एयरपोर्ट पर काम करने वाली ज्योति नाम की युवती से प्रेम प्रसंग था और दोनों आने वाले महीनों में शादी की तैयारी कर रहे थे। ऋतिक की मां के अनुसार, 18 अक्टूबर को उसने अपनी प्रेमिका को घर जाने के लिए ट्रेन में बैठाया था। उसी दिन दोपहर के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई, और बाद में परिवार को पुलिस की ओर से ऋतिक की गिरफ्तारी की जानकारी मिली। एक तरफ बेटे की शादी की चर्चा चल रही थी, वहीं अचानक अभिनेता पर फायरिंग के मामले में उसकी गिरफ्तारी की खबर ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। अब ऋतिक कुमार की पृष्ठभूमि, मुंबई में कामकाज, सोशल मीडिया गतिविधियों और दोस्तों के संपर्कों सहित उसकी जिंदगी के कई पहलू जांच के घेरे में हैं।

