रिहा होते ही सौरभ और आशुतोष को दिल्ली पुलिस ने किया तलब

देश-विदेश

अब क्राइम ब्रांच करेगी पूछताछ
नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें जमानत मिलने के बाद भी कम नहीं हुई हैं। जेल से रिहा होते ही उन्हें दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए तलब किया है। क्राइम ब्रांच ने दोनों नेताओं को आज अपने राजौरी गार्डन कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया था। पुलिस ने बुधवार रात करीब 8:30 बजे तिहाड़ जेल के गेट पर ही यह समन उन्हें तब थमाया, जब वे जमानत पर रिहा होकर बाहर आ रहे थे।
इससे पहले, बुधवार को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) की अदालत से सीजेपी नेताओं को बड़ी राहत मिली थी। अदालत ने दिल्ली पुलिस की कस्टडी बढ़ाने की मांग को खारिज करते हुए दोनों नेताओं को जमानत दे दी थी। लेकिन जेल के बाहर निकलते ही क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा नया नोटिस थमाए जाने से यह स्पष्ट हो गया है कि उनकी कानूनी मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। यह पूरा मामला 13 और 14 अक्टूबर का है, जब सौरभ दास और आशुतोष रांका को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना पुलिस ने हिरासत में लिया था। आरोप है कि दोनों नेता बिना अनुमति के जंतर-मंतर के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन करने पहुंच गए थे। पुलिस का दावा है कि इन नेताओं ने पहले से भरे गए शांति बॉन्ड की शर्तों का सरेआम उल्लंघन किया और सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाईं। इस मामले को लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं। मामले की गंभीरता और राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने दोनों एफआईआर की जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को शक है कि इस प्रदर्शन के पीछे कोई बड़ी साजिश थी और दोनों नेताओं के शुरुआती बयानों में काफी विरोधाभास पाया गया है, जिसके चलते क्राइम ब्रांच गहराई से मामले की जांच कर रही है।