‘एक कन्या कुँवारी’ में नज़र आएँगे जाह्नवी और रौनक 

मनोरंजन

जाह्नवी गुरनानी और रौनक कामदार की हिंदी सीरीज़ ‘एक कन्या कुँवारी’  शादी के रिश्तों, परिवार की उम्मीदों और अपनी पसंद का जीवनसाथी चुनने की एक महिला की कोशिश को मजेदार अंदाज़ में दिखाती है।शादी के लिए सही जीवनसाथी चुनना सिर्फ दो लोगों का नहीं, बल्कि कई बार पूरे परिवार का फैसला बन जाता है। रिश्तों की तलाश, पहली मुलाकात, परिवार के सवाल और सबकी अलग-अलग राय के बीच अपनी पसंद को समझना आसान नहीं होता। वडोदरा की पृष्ठभूमि पर बनी यह कहानी शिवानी दवे की है, जो एक मध्यमवर्गीय परिवार से आती है और बैंक में काम करती है। शादी के लिए एक के बाद एक लड़कों से मिलने के दौरान वह परिवार की उम्मीदों और अपनी पसंद के बीच तालमेल बिठाने की कोशिश करती है। हर कड़ी में एक नया रिश्ता आता है। कोई कारोबारी अपने जड़ी-बूटियों से बने खास मरहम को चमत्कारी बताता है, तो किसी रिश्ते में विदेश में रहने वाले लड़के के पिता और परिवार के दूसरे सदस्य वीडियो कॉल पर बातचीत में शामिल हो जाते हैं।