सीन में जज़्बात रोके, शूटिंग खत्म हुई तो रो पड़ा

मनोरंजन

अनुपमा यानि रुपाली गांगुली, गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में अनिल कपूर के साथ नज़र आएँगी। हँसी-मज़ाक और बातचीत के बीच रुपाली का आना अनिल को फिल्म ‘साहेब’ के दिनों में ले जाता है, जिसका निर्देशन उनके पिता अनिल गांगुली ने किया था। फिल्म से जुड़ी यादें साझा करते हुए अनिल इसे अपने करियर का सबसे बेहतरीन काम बताते हैं। साथ ही, वे एक ऐसे भावुक सीन का ज़िक्र करते हैं, जिसकी शूटिंग के बाद वह अपने आँसू रोक नहीं पाए थे। वे कहते हैं, “अनिल गांगुली जी के साथ मैंने एक सुपरहिट फिल्म की थी, जिसका नाम था ‘साहेब’। रुपाली भी काम के प्रति अनिल के समर्पण को याद करती हैं और बताती हैं कि उनके पिता अक्सर अनिल की बातें किया करते थे। वे कहती हैं, “सर, पापा हमेशा आपकी बातें करते थे। ‘साहेब’ में आपके पास एक ट्रैकसूट और दो शर्ट थीं, एक सफेद और एक लाल चेक वाली। बहुत सारे कपड़े नहीं थे, लेकिन काम के प्रति आपके समर्पण से हमने बहुत कुछ सीखा है। वह सीन, जिसमें आप पैसे लेकर बैठे हैं और उन्हें लौटाने के लिए नौकरी माँगते हैं, हमारे लिए अपने आप में अभिनय की पूरी पाठशाला था, सर।”उस सीन को याद करते हुए अनिल कहते हैं, “वे मेरे पसंदीदा सीन्स में से एक है। वह सीन करने के बाद मैं फूट-फूटकर रोया था। सीन में मेरा किरदार अपने जज़्बातों पर काबू रखने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शूटिंग खत्म होते ही मैं रो पड़ा। बहुत अच्छा सीन था।”