लड़कियों को सशक्त बनाना ज़रूरी 

मनोरंजन

बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने भामला फाउंडेशन के साथ मिलकर भारत की बेटियों को सशक्त और शिक्षित करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान ‘सुपरगर्ल्स ऑफ टुमॉरो’ की शुरुआत की । इस अभियान के तहत भामला फाउंडेशन ने अभिनेत्री रानी मुखर्जी को सिनेमा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘एक्सीलेंस इन वूमन एम्पावरमेंट थ्रू सिनेमा अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। सम्मान स्वीकार करते हुए रानी मुखर्जी ने कहा,“सुपरगर्ल्स ऑफ टुमॉरो को सशक्त और शिक्षित करने के लिए समर्पित ऐसे अभियान एक अधिक समान और संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए बेहद जरूरी हैं। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे ऐसे मजबूत और आत्मनिर्भर महिला किरदार निभाने का अवसर मिला, जो पितृसत्ता को चुनौती देते हैं, रूढ़ियों को तोड़ते हैं और दर्शकों को यह देखने के लिए प्रेरित करते हैं कि महिलाएं बदलाव की वाहक, राष्ट्र निर्माता और समाज में समान अधिकारों की हकदार हैं।