नर्मदापुरम । इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से 14 लोगों की मौत और 200 से अधिक लोगों के बीमार होने के मामले में प्रदेश कांग्रेस अब भाजपा की डॉ मोहन यादव सरकार को घेर रही है। शनिवार को नर्मदापुरम के निमसाड़िया में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार को अल्टीमेटम दिया है। साथ ही कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इंदौर की घटना को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा है कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के मंत्री, सांसदो, विधायकों के घर का घेराव करें और उनके घर के बाहर घंटा बजाए। इसके बाद पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी द्वारा विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि नर्दापुरम नगर नगर कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश बाथरे और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण अनुराग मलैया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को दोपहर 2 बजे क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी के अग्निहोत्री गार्डन के बाजू में स्थित सरकारी निवास के समक्ष घंटा बजाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर अशोभनीय टिप्पणी कर घंटा जैसे शब्दों का उपयोग किया गया जो की बेहद निंदनीय है। उक्त टिप्पणी के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

