राजवाड़ा में ट्रैफिक सुधार पर व्यापारियों की सहमति; बोले- नियम तोड़ें तो करें कार्रवाई

इंदौर

:: डीसीपी त्रिपाठी की समीक्षा बैठक: अब नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर लगेंगे व्हील लॉक ::
इंदौर । राजवाड़ा और उसके आसपास के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच अहम सहमति बनी है। डीसीपी (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में सराफा, कपड़ा मार्केट, जवाहर मार्ग और एमजी रोड सहित विभिन्न बाजारों के प्रतिनिधि शामिल हुए। व्यापारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जो भी नियमों का उल्लंघन करे, पुलिस उस पर सख्त कार्रवाई करे, व्यापारी वर्ग प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा।
बैठक में डीसीपी त्रिपाठी ने बताया कि राजवाड़ा क्षेत्र में पैदल भ्रमण और निरीक्षण के जरिए व्यवस्था सुधारी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर व्हील लॉक लगाने की कार्रवाई शुरू होगी। वर्तमान में क्रेन के माध्यम से रॉन्ग साइड और बाधक वाहनों को हटाया जा रहा है। अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें और दुकानों के बाहर की सफेद पट्टी केवल ग्राहकों के लिए आरक्षित रखें।
:: हेल्पलाइन पर शिकायतों का तुरंत समाधान ::
ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों पर अब तत्काल कार्रवाई की जा रही है। बैठक में मौजूद संगठनों ने माना कि पिछले सात दिनों में शुरू हुई इस मुहिम से सकारात्मक बदलाव आया है। इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों ने भरोसा दिलाया कि वे अपने स्तर पर भी व्यापारियों को जागरूक करेंगे। डीसीपी ने कहा कि ट्रैफिक सुधार तभी संभव है, जब व्यापारी स्वयं अनुशासन का पालन करेंगे।
:: 15 दिन बाद फिर होगी समीक्षा ::
बैठक में नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर अभय राजनगॉंवकर, एडिशनल डीसीपी संतोष कौल, एसीपी सुप्रिया सहित सराफा, कपड़ा और राजवाड़ा मार्केट के प्रतिनिधि अक्षय जैन, हुकुम सोनी, कैलाश मूंगड़, अविनाश शास्त्री सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में तय किया गया कि पिछले निर्णयों और जमीनी सुधार की स्थिति को परखने के लिए अगले 15 दिनों के भीतर पुनः संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।