शो यादें एक असाधारण सच्ची कहानी से प्रेरित है। यह शो डॉक्टर पियरदांते पिच्चियोनी की जिंदगी पर आधारित है, जो एक सड़क दुर्घटना के बाद कोमा में चले गए थे और उन्हें गंभीर ब्रेन इंजरी हुई थी। जब वे कोमा से बाहर आए तो उन्होंने पाया कि उनकी 12 साल की यादें पूरी तरह मिट चुकी थीं। उन्हें न सिर्फ अपना करियर बल्कि अपनी पहचान, रिश्ते और खुद को फिर से गढ़ना पड़ा। उनकी यह कहानी है हिम्मत, खुद को फिर से खोजने और जिंदगी में दूसरा मौका पाने की। इसी सच्ची घटना से प्रेरित होकर शो में डॉक्टर देव (इकबाल खान) की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी खोई हुई यादों को वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं और धीरे-धीरे यह समझ रहे हैं कि असली इलाज सिर्फ डॉक्टर होने से नहीं, बल्कि इंसानियत से भी होता है।इकबाल खान के लिए डॉक्टर देव का किरदार निभाना एक बड़ी जिम्मेदारी थी। यह जानते हुए कि यह किरदार एक असली डॉक्टर की जिंदगी से प्रेरित है, उन्होंने अपनी तैयारी में खास ध्यान दिया।

