ओनिर की आने वाली फिल्म “वी आर फहीम एंड करुण” को 27वें रीलआउट क्वीयर फिल्म फेस्टिवल 2026 (किंग्स्टन, ओंटारियो) में खास सम्मान मिला। फिल्म के कश्मीरी डेब्यू अभिनेता सावा जावेद को “किम रेंडर्स मेमोरियल अवॉर्ड” से सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनय के लिए सम्मानित किया गया। “वी आर फहीम एंड करुण” कश्मीर घाटी में आधारित एक समलैंगिक प्रेम कहानी है। करुण, जो दक्षिण भारत का एक युवा सुरक्षा गार्ड है, उसकी पोस्टिंग कश्मीर के एक दूरदराज़ गांव में होती है। वहां उसकी मुलाकात फहीम से होती है, जो एक कश्मीरी छात्र है। फहीम का शांत और स्नेही स्वभाव करुण को प्रभावित करता है। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार पनपता है, लेकिन उनका रिश्ता धर्म, सीमाओं और समाज की कठोर सोच के बीच फंस जाता है। यह कश्मीर में बनी पहली क्वीयर फीचर फिल्म है, जो नफरत के माहौल के बीच प्यार का साहसिक संदेश देती है।

