वलसाड में कार-ट्रक की भीषण टक्कर में चली गई सात लोगों की जान

ताज़ा खबर देश

कुंभ घाट के पास हुआ दर्दनाक हादसा, एक गंभीर घायल
वलसाड । गुजरात के वलसाड जिले के कपराडा इलाके में कुंभ घाट के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इको कार और एक ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग आंबा जंगल क्षेत्र के निवासी थे और कपराडा से नानापोढ़ा की ओर जा रहे थे। कुंभ घाट के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही सात लोगों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान एक ही परिवार के सदस्यों के रूप में हुई है, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद हटाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और घाट क्षेत्र की घुमावदार सड़क को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।