स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचने दिल्ली मेट्रो सुबह 4 बजे से देंगी अपनी सेवाएं

ताज़ा खबर देश-विदेश

-लाल किले और गंतव्य तक पहुंचने वाले लोगों को ट्रैफिक की परेशानी से मिलेगी राहत
नई दिल्ली । 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर अगर लाल किले में होने वाले मुख्य समारोह की तैयारी जारी हैं। वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने यात्रियों और समारोह में पहुंचने वाले मेहमानों की सुविधा को देखते हुए मेट्रो सेवा को सामान्य दिनों से काफी पहले शुरू करने का फैसला किया है। स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली मेट्रो की पहली ट्रेन सुबह 4 बजे अपने टर्मिनल स्टेशनों से रवाना हो जाएगी। ऐसे में लाल किले तक पहुंचने वाले लोगों को सुबह-सुबह सड़क पर ट्रैफिक और रूट डायवर्जन की परेशानी से कुछ राहत मिल सकती है।
डीएमआरसी के मुताबिक 15 अगस्त की सुबह सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से पहली मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे शुरू होगी। शुरुआती कुछ घंटों में यात्रियों को ट्रेन के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सुबह 4 बजे से नियमित मेट्रो सेवा शुरू होने तक यानी आमतौर पर सुबह 6 बजे तक, सभी कॉरिडोर पर ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद मेट्रो का संचालन अपने सामान्य शेड्यूल के मुताबिक होगा यानी सुबह 6 बजे के बाद यात्रियों को रोज की तरह नियमित अंतराल पर मेट्रो मिलती रहेगी।
15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में खास मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। रक्षा मंत्रालय की ओर से समारोह में आमंत्रित विशेष मेहमानों के लिए करीब 1.30 लाख क्यूआर टिकट जारी किए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देना काफी अहम है। खासकर इस दिन दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे। ऐसे में मेट्रो से सफर करने पर लोगों को सड़क मार्ग की तुलना में ज्यादा सुविधाजनक विकल्प मिल सकता है।
15 अगस्त को लाल किले और पुरानी दिल्ली के आसपास सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहेगी। कई प्रमुख सड़कों पर सुबह के वक्त सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा और कुछ मार्गों पर सिर्फ अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। ऐसे में समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए निजी वाहन के बजाय मेट्रो का विकल्प चुनना ज्यादा आसान होगा। खासकर सुबह जल्दी पहुंचने वालों को पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन जैसी दिक्कतों से भी बचने में मदद मिलेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक डीएमआरसी का यह विशेष इंतजाम मूल रूप से इसी कोशिश का हिस्सा है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले लोगों को सुबह के समय आवाजाही में परेशानी न हो। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के चलते मेट्रो को जल्दी शुरू करने से दिल्ली की सड़कों पर अतिरिक्त दबाव भी कम हो सकता है। सुबह 4 बजे से सेवा शुरू होने और शुरुआती दो घंटे में 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन मिलने की वजह से लोग जल्दी अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।