:: एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया भी रहे साथ; पथराव में घायल बिंदु चौहान के सर्वोत्तम उपचार के दिए निर्देश ::
इंदौर । इंदौर के गांधी भवन के बाहर हुए हिंसक संघर्ष के बाद सांसद शंकर लालवानी अस्पताल पहुंचे और पथराव में घायल हुईं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बिंदु चौहान का हाल जाना। इस दौरान उनके साथ महापौर परिषद (एमआईसी) सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया भी मुख्य रूप से उपस्थित थे। दोनों नेताओं ने घायल नेत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और अस्पताल प्रशासन को उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रखने के निर्देश दिए।
सांसद शंकर लालवानी और एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। लालवानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और पूर्व निर्धारित था, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से पथराव और उपद्रव किया। उन्होंने डॉक्टरों से चर्चा कर बिंदु चौहान के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
सांसद ने इस कृत्य को लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा, हिंसा का यह कृत्य कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का प्रतीक है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पथराव करना यह दर्शाता है कि कांग्रेस के पास अब कोई राजनैतिक तर्क नहीं बचा है।
नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना स्थल के वीडियो फुटेज के आधार पर उन सभी उपद्रवियों को चिह्नित किया जाए जिन्होंने माहौल बिगाड़ने और कार्यकर्ताओं को चोट पहुंचाने का काम किया है।

