आगामी फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर एक नए विवाद में घिर गई है। फिल्म के निर्देशक सनोज मिश्रा के खिलाफ मुंबई के डीएन नगर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत महाराष्ट्र स्टेट ग्लोबल क्रिश्चियन एक्शन कमेटी (विमेन) की अध्यक्ष चंदर कला सिंह द्वारा दी गई है। आरोप है कि फिल्म के कंटेंट और टीज़र के माध्यम से ईसाई धर्म और उससे जुड़े धार्मिक विश्वासों को ठेस पहुंचाई गई है।फिल्म में ऐसे दृश्य और संवाद दर्शाए गए हैं, जो धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं, पूजा स्थलों के अपमान का संकेत देते हैं, धार्मिक सभाओं में व्यवधान जैसी स्थितियों को दिखाते हैं तथा विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने की आशंका उत्पन्न करते हैं। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धाराएं 295, 295ए, 296, 298 और 153ए का उल्लेख किया गया है।चंदर कला सिंह ने निर्माताओं से यह मांग भी की है कि फिल्म का टीज़र तुरंत यूट्यूब से हटाया जाए। उनका कहना है कि यह सामग्री आपत्तिजनक है और ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करती है।

