प्रियंवदा कांत, सुपरनैचुरल हॉरर कॉमेडी शो ‘घरवाली पेड़़वाली‘ में लतिका का किरदार निभा रही हैं, अपने समर्पण और बेखौफ अंदाज़ के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में आने वाले एक रोमांचक ट्रैक की शूटिंग के दौरान उन्होंने अपने अभिनय की सीमाओं को और आगे बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने कई स्टंट खुद किए, जिनमें एक मुश्किल सीन ऐसा भी था जिसमें उन्हें लंबे समय तक हार्नेस के सहारे उल्टा लटकना पड़ा। जो शुरुआत में थोड़ा डरावना लग रहा था, वही अनुभव बाद में उनके लिए रोमांचक और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बन गया।प्रियंवदा कांत ऊर्फ लतिका कहती हैं, “हमारे शो में मैं कई स्टंट कर चुकी हूं। लगभग हर हफ्ते कोई न कोई नया स्टंट करना होता है। कुछ तो इतने अनोखे और चुनौतीपूर्ण होते हैं कि उन्हें करना आसान नहीं होता। ऐसा ही एक स्टंट था, जिसमें मुझे चमगादड़ की तरह उल्टा लटकना था। यह बहुत मुश्किल था क्योंकि काफी देर तक उल्टा लटकने से सारा खून सिर की तरफ दौड़ जाता है और उसी दौरान आपको अपने डायलॉग भी बोलने होते हैं। जब पहली बार इस सीन के बारे में सुना, तो मैं उत्साहित भी थी और थोड़ी घबराई हुई भी, क्योंकि यह ऐसा अनुभव नहीं है जिसकी आदत तुरंत पड़ जाए। शुरुआती रिहर्सल में शरीर को संतुलन और दबाव के साथ तालमेल बिठाने में समय लगा, लेकिन मैंने ठान लिया था कि यह स्टंट मैं खुद ही करूंगी, क्योंकि इससे सीन ज्यादा वास्तविक लगता है।”

