सैन फ्रांसिस्को । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया की दिग्गज कंपनी ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन के घर पर हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे एक 20 वर्षीय युवक ने सैन फ्रांसिस्को के नॉर्थ बीच इलाके में स्थित ऑल्टमैन के आवास पर मोलोटोव कॉकटेल (पेट्रोल बम) से हमला कर दिया। इस हमले में घर के मुख्य द्वार का एक हिस्सा आग की चपेट में आने से झुलस गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
सैन फ्रांसिस्को पुलिस विभाग के मुताबिक, आरोपी युवक पेट्रोल बम फेंकने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग एक घंटे बाद उसे ओपनएआई के मुख्यालय के पास से धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय आरोपी कंपनी की मुख्य इमारत को भी आग लगाने की धमकी दे रहा था। ओपनएआई के प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सैम ऑल्टमैन और उनका परिवार सुरक्षित है। कंपनी ने त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन का आभार जताया है और जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। हमले में इस्तेमाल किया गया मोलोटोव कॉकटेल एक बेहद खतरनाक और ज्वलनशील हथियार माना जाता है, जिसे कांच की बोतल में पेट्रोल भरकर और उस पर कपड़े की बत्ती लगाकर तैयार किया जाता है। लक्ष्य पर गिरते ही बोतल टूट जाती है और आग तेजी से फैलती है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आरोपी ने इस हमले को किस मंशा से अंजाम दिया और क्या वह अकेले ही इस साजिश में शामिल था या इसके पीछे कोई संगठन है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब एआई तकनीक के सामाजिक और सुरक्षा प्रभावों को लेकर वैश्विक स्तर पर बहस छिड़ी हुई है। पिछले कुछ समय से ओपनएआई और सैम ऑल्टमैन के प्रति सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। कंपनी के अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ बढ़ते जुड़ाव और एआई के कारण भविष्य में उत्पन्न होने वाले खतरों को लेकर विभिन्न समूहों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियों ने सैम ऑल्टमैन और कंपनी के कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।

