एसपी और एसडीएम मौके पर पहुंचे, कई दमकलों से काबू पाया
राजगढ़ l शहर के पुराने कलेक्ट्रेट भवन में शुक्रवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और प्रशासन व दमकल विभाग को जानकारी दी। सूचना मिलते ही राजगढ़ से दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए खिलचीपुर, खुजनेर और ब्यावरा से भी दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। आग की लपटों के कारण पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
- एसपी-एसडीएम मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, एसडीएम निधि भारद्वाज, नगर पालिका अध्यक्ष सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। दमकल कर्मियों ने लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान शहर के कई युवाओं ने भी आगे आकर दमकल टीम की मदद की और आग बुझाने में सहयोग किया।
काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक भवन में रखा वर्षों पुराना महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर खाक हो चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

