आष्टा में मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों के खातों में डाले 1836 करोड़, बोले- बहनों के बिना विकास अधूरा

मध्य प्रदेश

लाड़ली बहना योजना में अब तक 55 हजार करोड़ वितरित; आष्टा को मिली 184 करोड़ के कार्यों की सौगात ::
आष्टा/सीहोर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आष्टा में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से योजना की 35वीं किस्त के रूप में 1836 करोड़ रुपये बहनों के बैंक खातों में अंतरित किए। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति को राजनीतिक रूप से सशक्त करने के लिए विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने हेतु 16 अप्रैल से संसद का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आष्टा और जावर में लगभग 100 करोड़ की लागत से बने अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें राजनीति और उद्योग जैसे क्षेत्रों में नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया। यह जानकर मुख्यमंत्री अभिभूत हुए कि सांदीपनि स्कूल की गुणवत्ता के कारण 90 प्रतिशत बच्चों ने निजी स्कूल छोड़कर यहाँ प्रवेश लिया है।
:: आष्टा के लिए घोषणाओं की झड़ी ::
डॉ. यादव ने आष्टा में नवीन आईटीआई की स्थापना, कन्या महाविद्यालय में छात्रावास, जावर में विज्ञान संकाय की शुरुआत और दूधी नदी पर नए बैराज निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत गेहूं पर 40 रुपये बोनस और सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली सुनिश्चित की जा रही है।
:: दो किलोमीटर लंबे रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब ::
मुख्यमंत्री के आष्टा आगमन पर ऐतिहासिक रोड-शो आयोजित हुआ। लगभग दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। विभिन्न समाजों और संस्थाओं ने मुख्यमंत्री को बाबा महाकाल, राजा भोज और डॉ. अंबेडकर के चित्र भेंट किए। रोड-शो के दौरान मुख्यमंत्री ने अंबेडकर धर्मशाला पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।