:: विधायक मधु वर्मा ने व्यापारियों और मंडी सदस्यों के साथ की बैठक, पारदर्शी भुगतान पर जोर ::
इंदौर । देवी अहिल्याबाई होलकर फल एवं सब्जी मंडी (चोइथराम मंडी) की कार्यप्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। विधायक मधु वर्मा ने शनिवार को मंडी प्रांगण में व्यापारियों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने बताया कि मंडी में ई-मंडी पोर्टल को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, ताकि किसानों को उनकी उपज का सही दाम और पारदर्शी भुगतान मिल सके।
विधायक वर्मा ने जानकारी दी कि ई-मंडी पोर्टल के संचालन और उसके लाभों को समझाने के लिए 23 अप्रैल को विशेष तकनीकी टीम इंदौर आ रही है। यह टीम व्यापारियों और मंडी स्टाफ को प्रशिक्षित करेगी। डिजिटल व्यवस्था लागू होने से बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्मा ने सभी व्यापारियों से इस प्रशिक्षण सत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है।
:: दो माह में दूर होंगी व्यावहारिक समस्याएं ::
बैठक के दौरान विधायक ने मंडी के नवागत सचिव खेड़े की कार्यशैली और सहायक उप-निरीक्षक धर्मेंद्र के तकनीकी सहयोग की सराहना की। उन्होंने मंडी में किसानों के लिए पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार के निर्देश भी दिए। व्यापारियों को आश्वस्त किया गया कि आगामी दो माह के भीतर मंडी संचालन से जुड़ी सभी व्यावहारिक दिक्कतों को दूर कर लिया जाएगा।
बैठक में राजेंद्र ठाकुर, सचिन जादौन, अनिल, धर्मेंद्र तोमर, भूपेंद्र राठौर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित थे।

