:: कुल 26 आवेदन प्राप्त, कुछ का मौके पर ही हुआ निराकरण; तकनीकी और भू-अर्जन की भी पहुँचीं शिकायतें ::
इंदौर । इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में शहरवासियों ने अपनी प्रशासनिक और तकनीकी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई के दौरान कुल 26 मामले सामने आए, जिनमें से अधिकांश का संबंध संपदा शाखा की जटिलताओं से रहा। अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को विस्तार से सुना और वस्तुस्थिति के आधार पर त्वरित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
प्राधिकरण मुख्यालय में हुई इस जनसुनवाई में संपदा शाखा से संबंधित सर्वाधिक 16 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से लीज नवीनीकरण, नामांतरण और भूखंडों के आवंटन से जुड़े मामले शामिल थे। इसके अतिरिक्त शेष आवेदन भू-अर्जन, तकनीकी और स्थापना शाखाओं से संबंधित रहे। जनसुनवाई में भू-अर्जन अधिकारी सुदीप मीणा, कार्यपालन यंत्री रोहित मालवीय, राकेश अखंड एवं संपदा अधिकारी मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। प्राधिकरण द्वारा कुछ सुलभ प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर आवेदकों को राहत प्रदान की गई। वहीं, जटिल और दस्तावेजी प्रक्रिया वाले शेष आवेदनों को शीघ्र कार्यवाही हेतु संबंधित शाखा प्रमुखों की ओर प्रेषित किया गया। प्राधिकरण अधिकारियों ने सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई के माध्यम से आए प्रकरणों में किसी भी प्रकार की देरी न की जाए और प्राथमिकता के आधार पर उनका समय-सीमा में निपटारा सुनिश्चित हो।

