इन्दौर | प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शुमार इन्दौर के एम वाय अस्पताल में उन मरीजों को जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं होता है के लिए एक विशेष सहारा वार्ड है जहां ऐसे मरीज उपचार हेतु भर्ती हैं इस वार्ड की प्रभारी सीमा सिंह है। उनका कहना है कि दीपावली का त्योहार आमतौर पर परिवार के बीच मनाया जाता है, लेकिन एमवायएच के सहारा वार्ड में भर्ती मरीजों के कोई परिजन नहीं है, तो वे इससे सबसे बड़े त्यौहार किसी के साथ नहीं मना सकते और उदास हो जाते हैं। जिसके चलते यहां के नर्सिंग स्टाफ ने इस वार्ड के मरीजों के बीच दीपावली मनाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने की पहल की है। इस अवसर पर स्टाफ और अन्य लोग मरीजों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करेंगे। वार्ड प्रभारी सीमा सिंह के अनुसार सहारा वार्ड में भर्ती कई मरीज ऐसे हैं, जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। मरीजों के ठीक होने के बाद या याददाश्त वापस आने के बाद हम उन्हें घर पहुंचाते हैं या उन्हें आश्रम भेजा जाता हैं। ऐसे कई मरीज दो से तीन माह से अधिक समय से भी उपचाररत है। ऐसे में त्योहार के दिन घर-परिवार से दूर रहना उनके लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल होता है। इसे देखते हुए वार्ड में दीपावली का माहौल बनाया जा रहा है। मरीजों के बीच मिठाइयां बांटी जाएंगी और उनसे बातचीत कर त्योहार की खुशियां साझा करेंगे। हम उनके साथ मिलकर ही वार्ड में डेकोरेशन भी कर रहे है।

