इन्दौर | लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आएंगे और यहां आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रदेशभर के विद्यार्थियों एवं युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर छात्रों की बात सुनी जाएगी।
कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने इंदौर के नेहरू स्टेडियम को उपलब्ध कराने की मांग की थी। स्टेडियम की अनुमति को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर आयोजन के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कोई सामान्य राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि देश के भविष्य और युवाओं के सपनों से जुड़ा गैर-राजनीतिक जनसंवाद है। ऐसे आयोजन को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए। यदि नेहरू स्टेडियम उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो कांग्रेस जिला प्रशासन से चर्चा कर इंदौर में अन्य उपयुक्त स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। कांग्रेस का उद्देश्य स्थान को लेकर विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज को राहुल गांधी जी तक और राहुल गांधी जी की आवाज को छात्रों तक पहुंचाना है।
भाजपा लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है : हरीश चौधरी
मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री हरीश चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार को छात्रों और युवाओं की आवाज से डरने के बजाय उसे सुनना चाहिए। ‘छात्रों की गूंज’ पूरी तरह युवाओं के सवालों और उनके भविष्य से जुड़ा कार्यक्रम है। लोकतंत्र में किसी भी विचार या संवाद से डरने के बजाय उसका स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस चाहती है कि भाजपा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचे और छात्रों के हित में राहुल गांधी जी के संवाद कार्यक्रम के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराए।
छात्रों की आवाज रोकने से सवाल खत्म नहीं होंगे : जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के रूप में देशभर में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ का उद्देश्य युवाओं के सपनों, उनकी समस्याओं और शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े सवालों को सामने लाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल के प्रचार का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा से जुड़ा सार्थक संवाद है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आयोजन के महत्व को समझते हुए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराया जाए।
पटवारी ने कहा कि यदि सरकार नेहरू स्टेडियम उपलब्ध नहीं कराती है तो कांग्रेस प्रशासन से चर्चा कर अन्य उपयुक्त स्थान पर कार्यक्रम करेगी, लेकिन छात्रों की आवाज को किसी भी कीमत पर दबने नहीं दिया जाएगा।
राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित इंदौर दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की मैराथन बैठक आयोजित की गई। मध्यप्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ इंदौर एवं उज्जैन संभाग के कांग्रेस अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संगठनों के पदाधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की गई। PAC कांग्रेस की महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय समिति है, जो पार्टी के नीतिगत निर्णयों, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करती है। बैठक में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार,राहुल गाँधी के सुरक्षा सलहाकर के.बी बैजू, मनोज त्यागी,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव,अजय राहुल सिंह, ओमकार सिंह मरकाम,कांतिलाल भूरिया,सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, विजय लक्ष्मी साधो, मिडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक, जिला अध्यक्ष एवं PAC के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि 19 सितंबर का आयोजन छात्रों और युवाओं की अधिकतम भागीदारी के साथ ऐसा मंच बने, जहां प्रदेश के विद्यार्थी अपनी समस्याएं, अपने सवाल और अपने भविष्य से जुड़ी चिंताएं सीधे राहुल गांधी जी के सामने रख सकें।
वहीं इंदौर के शुभकारज गार्डन में आयोजित पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, राहुल गांधी के सुरक्षा सलाहकार के.बी. बैजू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, राष्ट्रीय सचिव एवं इंदौर संभाग प्रभारी श्रीमती उषा नायडू, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री एवं विधायक बाला बच्चन, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री श्रीमती विजयलक्ष्मी साधौ, सत्यनारायण पटेल, श्रीमती शोभा ओझा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री विपिन वानखेड़े सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि स्थान कोई भी हो, 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों की आवाज जरूर गूंजेगी। ‘छात्रों की गूंज’ युवाओं के सवालों, उनके अधिकारों और उनके बेहतर भविष्य के लिए संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

