अंधविश्वास का मायाजाल और खाकी की सक्रियता: सम्मोहित कर जेवर उड़ाने वाला शातिर ठग राजू विश्वकर्मा गिरफ्तार
गुना । जिले में अतिथि बनकर घरों में घुसने और अंधविश्वास के नाम पर महिलाओं को ठगने वाले एक अंतर्राज्यीय शातिर बदमाश को गुना पुलिस ने दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी खुद के शरीर में देवता आने का ढोंग करता था और गृह-शुद्धि के नाम पर महिलाओं से उनके कीमती आभूषण उतरवाकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा हुआ मंगलसूत्र, सोने की बालियां और वारदात में प्रयुक्त सफेद जुपिटर स्कूटी जब्त की है।
रिश्तेदार बनकर घर में प्रवेश, फिर सम्मोहन का खेल
इस सनसनीखेज ठगी का खुलासा तब हुआ जब 14 अप्रैल को चाचौड़ा के बीनागंज में लहरचा रोड निवासी तनीषा व्यास के घर एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा। उसने खुद को पिता का परिचित और दूर का रिश्तेदार बताते हुए मकान के उद्घाटन का निमंत्रण कार्ड देने का नाटक किया। महिला ने शिष्टाचार के नाते उसे घर के अंदर बुलाया, जहां ठग ने मनोवैज्ञानिक चाल चली। उसने परिवार में कलह और बाधाओं का डर दिखाकर महिला को विश्वास में लिया कि उसके शरीर में देवता आते हैं। इसी सम्मोहन और डर के जाल में उलझकर महिला ने अपने सोने के टॉप्स और मंगलसूत्र उतारकर उसे सौंप दिए, जिसे लेकर आरोपी चंपत हो गया।
CCTV फुटेज और स्कूटी ने बिगाड़ा ठग का खेल
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जब जांच शुरू की, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। चाचौड़ा थाना प्रभारी नीरज राणा और उनकी टीम ने बीनागंज, राघौगढ़, ब्यावरा और अशोकनगर के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि इसी तरह की वारदातें कुंभराज और ब्यावरा में भी हो चुकी हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अशोकनगर की दुबे कॉलोनी पहुंची, जहां घेराबंदी कर आरोपी राजू उर्फ दीपक विश्वकर्मा (28) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे: 3 जिलों में 7 वारदातें
गिरफ्तारी के बाद हुई कड़ी पूछताछ में आरोपी राजू ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि वह पिछले काफी समय से सक्रिय था और उसने अकेले बीनागंज में 2, कुंभराज में 2, ब्यावरा में 1, राघौगढ़ में 1 और शिवपुरी में 1, यानी कुल 7 बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी का यूनिक पैटर्न था—बिना नंबर की स्कूटी का उपयोग करना और महिलाओं को अकेले पाकर उन्हें अंधविश्वास के नाम पर डराना।
पुलिस की अपील: अनजान अतिथियों से रहें सावधान
इस उल्लेखनीय कार्यवाही में चौकी प्रभारी अजयप्रताप सिंह, साइबर सेल के कुलदीप यादव, भूपेंद्र खटीक और अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश न दें और न ही अंधविश्वास के बहकावे में आकर अपनी मेहनत की कमाई सौंपें।

