महू में अवैध शराब कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा

मध्य प्रदेश

:: जनसुनवाई की शिकायत पर कार्रवाई, 5 अवैध ढाबे और एक अहाता हटाया; शराब व गैस सिलेंडर जब्त ::
इंदौर । महू क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जनसुनवाई में मिली शिकायत के आधार पर प्रशासनिक दल ने रहवासी क्षेत्र में संचालित अवैध शराब बिक्री और अहाते के खिलाफ अभियान चलाया।
एसडीएम राकेश परमार के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान करीब पांच अवैध ढाबों और एक अहाते को जेसीबी की मदद से हटाया गया। मौके से बड़ी मात्रा में अवैध शराब तथा अवैध उपयोग में लिए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम राकेश परमार और तहसीलदार विवेक सोनी ने किया। अभियान में नायब तहसीलदार राधावल्लभ धाकड़, अनिल मेहता, दिलीप द्विवेदी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी महादेव मुवेल सहित राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों का अमला मौजूद रहा।
प्रशासन को बालाजी धाम कॉलोनी के रहवासियों ने शिकायत की थी कि कॉलोनी के बीच लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और महिलाओं व बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जन शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।