इंडिया गठबंधन की बैठक में राहुल गांधी, पीएम मोदी को लेकर कर दी भविष्यवाणी

ताज़ा खबर देश

नई दिल्ली । नई दिल्ली में विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने दावा किया कि यदि वर्तमान रवैया जारी रहा, तब एक साल के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पद पर नहीं रहने वाले है। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट पर केंद्र सरकार के रुख को अस्पष्ट बताया और भारत-अमेरिकी समझौते के मुद्दे पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने किसानों के हितों से समझौता किया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आर्थिक मोर्चे पर भी केंद्र सरकार को विफल बताया। उन्होंने कहा कि जनता में भारी आक्रोश है, इसका कारण बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे हैं। उन्होंने देश के युवाओं के साथ हो रहे धोखे और पेपर लीक की घटनाओं को केंद्र सरकार की घोर लापरवाही का परिणाम बताया। राहुल गांधी ने सभी विपक्षी दलों से संसद से सड़क तक इन गंभीर मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया, ताकि केंद्र पर दबाव बना सके। बैठक में डीलिमिटेशन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विपक्षी दलों ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
उधर, इस बैठक से पहले शिवसेना (यूबीटी) के नेता और सांसद संजय राउत ने इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह बैठक 2029 के लोकसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई है। शिवसेना यूबीटी नेता राउत ने स्पष्ट किया कि इंडिया ब्लॉक के दल आपस में नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि वे आगामी आम चुनावों की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व पर कोई सवाल न होने की बात कही और कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट रहेगा। राउत ने इंडिया गठबंधन का एजेंडा बताकर कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य इन लोगों (भाजपा) को सत्ता से हटाना है, जिसे उन्होंने राष्ट्रभक्ति और देश की रक्षा व सम्मान का एजेंडा बताया।