-अभी तक 10 लाख से ज्यादा युवा करा चुके हैं रजिस्ट्रेशन
चेन्नई । बीजेपी से अलग होने के बाद के अन्नामलाई अब जेन-जी की तरफ मुड़ गए हैं। युवाओं को खुद से जोड़ने के लिए उन्होंने अब नया राजनीतिक आंदोलन खड़ा करना शुरू कर दिया है। सबसे खास बात है कि उनके इस महामूवमेंट में अभी तक 10 लाख से ज्यादा युवा रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। अन्नामलाई के बीजेपी से इस्तीफे के कुछ दिन बाद चेन्नई के ईसीआर इलाके में उनके घर में हलचल दिखाई दी। जहां टीम के सदस्य लैपटॉप पर काम कर रहे थे, फोन पर बातें कर रहे थे और गंभीर चर्चा में लगे थे।
रिपोर्ट के मुताबिक अन्नामलाई का बीजेपी से अलग होना बिना किसी नाटक के हुआ था। अचानक से दिल्ली यात्रा और हाई कमांड से बातचीत के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया था। हालांकि अब खबर आ रही है। अन्नामलाई का नया राजनीतिक मूवमेंट ‘वी द लीडर्स’ 10 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुका है और ये संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जेन जी को आकर्षित करने की शुरुआत वेबसाइट से हुई, जहां लोग समर्थन या रुचि दिखाते हुए दिख रहे हैं। अपने डिजिटल संदेश में अन्नामलाई ने कहा कि बीजेपी से अलग होने का कारण लक्ष्यों में अंतर था। हालांकि वे राजनीति से अलग नहीं हुए हैं, बल्कि अब वे युवाओं के साथ इसे आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने राज्य की राजनीति की बुनियादी समस्याओं को हल करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर पूछते हैं, क्या आप तमिल हैं या भारतीय? यह पुराना विवाद है। मैं हमेशा कहता हूं कि मैं एक गर्वित भारतीय हूं, जो तमिलनाडु की संस्कृति और परंपराओं में डूबा हुआ हूं। अन्नामलाई ने साफ किया कि अब उनका लक्ष्य बड़ा है। वे क्षेत्रीयता को दरकिनार करते हुए स्थानीय हितों की रक्षा करते हुए, प्रगतिशील और एकजुट राजनीति लाना चाहते हैं। वे विभाजनकारी सोच के खिलाफ खड़े होना चाहते हैं और सत्ता में बैठे लोगों को जवाबदेह बनाना चाहते हैं।
टीम के सूत्रों के मुताबिक अन्नामलाई अब पारंपरिक मीडिया की बजाय सीधे सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक पहुंच रहे हैं। टीवीके की तरह उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की जगह सोशल मीडिया पर सीधा संवाद चुना है। टीम के एक अन्य सदस्य ने बताया कि हमारे नेता की विचारधारा राष्ट्रवादी और तमिल पहचान व दर्शन का मिश्रण है। जरूरत पड़ी तो हम बीजेपी और केंद्र सरकार के खिलाफ भी मुद्दे उठाएंगे। इसका उदाहरण अन्नामलाई का तीन भाषा नीति के खिलाफ ट्वीट है।
अन्नामलाई का मानना है कि विजय के खिलाफ लड़ने के लिए करिश्माई नेता की जगह खाली है और वे इसे भर सकते हैं। अगले कुछ महीनों में वे लोगों, खासकर युवाओं से ज्यादा जुड़ने, ‘वी द लीडर्स’ प्लेटफॉर्म पर लाखों सदस्य जोड़ने और 2031 के तमिलनाडु चुनाव की तैयारी पर ध्यान देंगे।
सूत्रों का कहना है कि सुपरस्टार रजनीकांत का उन्हें हमेशा समर्थन मिलेगा। रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत ने भी इसी तरह का आंदोलन शुरू किया है। तमिलनाडु की राजनीति नई दिशा में जा रही है। एक तरफ सी जोसेफ विजय हैं, जिन्होंने सिर्फ 28 महीनों में सत्ता हासिल कर ली। दूसरी तरफ द्रविड़ पार्टियां पुरानी ताकत पर निर्भर हैं। नाम तमिलर कांची की किस्मत ऊपर-नीचे हो रही है। ऐसे में अन्नामलाई एक भीड़ भरे मैदान में उतरे हैं। देखना है कि अब अन्नामलाई विजय को कैसे टक्कर देते हैं।

