कार्य के प्रति सजग रहे पुलिस अधिकारी और जवान: नीतीश

ताज़ा खबर मध्य प्रदेश

बिहारशरीफ, 03 दिसंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को अपने कार्य के प्रति सजग रहने की नसीहत दी है।
श्री कुमार ने आज नालंदा जिले में राजगीर के मोरा गांव में 275 करोड़ की लागत से 133 एकड़ में निर्मित बिहार के पहले पुलिस अकादमी भवन का उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकार में जनता सर्वोपरि होती है और सरकार को चुनने का काम करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम लोग चुनी हुई सरकार हैं,लेकिन हमारा काम अपराधियों को पकड़ना नहीं है। अपराधियों को पकड़ने का काम पुलिस का है। सरकार पुलिस को हर संसाधन उपलब्ध करा रही है लेकिन जनता के अधिकार की रक्षा करने का दायित्व आप लोग निभाए। बिहार में हर हाल में कानून का राज कायम रहे, दोषी बचे नहीं और निर्दोष फंसे नहीं यही हमारी आपसे अपेक्षा है।”
श्री कुमार ने कहा कि राज्य में उनके नेतृत्व में सरकार बनने के बाद सभी विभाग में हर संसाधन मुहैया कराया गया। हर हाल में कानून का राज कायम रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गड़बड़ी करने वाले ही होते हैं, लेकिन उन्हें बाहर का रास्ता दिखाने की जरूरत है ।
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों का आह्वान करते हुए कहा कि यदि पुलिस बल के लोग मुस्तैदी से काम करेंगे तो सरकार की प्रतिष्ठा रहेगी, नहीं करेंगे तो प्रतिष्ठा धूमिल होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अकादमी में झंडोतोलन के बाद वृक्षारोपण भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूरे प्रशासनिक भवन, क्लास रूम का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस अकादमी पर बने लघु फिल्म को भी देखा। बिहार से झारखंड को अलग होने के बाद सूबे का पहला पुलिस एकेडमी का निर्माण किया गया है, जिसमे महिला एवं पुरूष सिपाही सहित भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *