भोपाल के युवा उद्यमी आरिन रत्नेश ने वैश्विक बाजार में बनाई पहचान

मध्य प्रदेश

फ्रांस को 46 हजार आईस्ड टी प्रीमिक्स पैक्स का निर्यात कर रचा सफलता का नया अध्याय
भोपाल । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के युवा उद्यमी एवं प्रमाणित टी टेस्टर आरिन रत्नेश ने अपने नवाचार, परिश्रम और उद्यमशीलता के बल पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी स्टार्टअप कंपनी हरितिमा फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फ्रांस को 46,000 आईस्ड टी प्रीमिक्स पैक्स का सफल निर्यात किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके उद्यम की सफलता का प्रमाण है, बल्कि मध्यप्रदेश के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम की बढ़ती वैश्विक पहचान को भी दर्शाती है।
आरिन रत्नेश ने युवावस्था में ही यह संकल्प लिया था कि वे भारतीय स्वाद और गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाएंगे। चाय के क्षेत्र में विशेष ज्ञान और नवाचार आधारित सोच के साथ उन्होंने ऐसे उत्पाद विकसित किए, जो गुणवत्ता, स्वाद और आधुनिक उपभोक्ता आवश्यकताओं के अनुरूप हैं। उनके द्वारा विकसित आईस्ड टी प्रीमिक्स उत्पादों को विदेशी बाजार में भी सराहना मिली, जिसके परिणामस्वरूप फ्रांस जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़े स्तर पर निर्यात संभव हो सका।
अपनी इस उपलब्धि पर आरिन रत्नेश ने मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शासन और एमएसएमई विभाग से मिले मार्गदर्शन, प्रोत्साहन तथा विपणन अवसरों ने उनके व्यवसाय को नई दिशा दी। विशेष रूप से मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर द्वारा वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF-2025) में मध्यप्रदेश पवेलियन के माध्यम से उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिलने से उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने आरिन रत्नेश की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के युवा अब नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्टार्टअप्स और नवाचार आधारित उद्यमों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है, ताकि युवाओं को अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए बेहतर अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके।
आज आरिन रत्नेश की सफलता उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, नवाचार और दृढ़ संकल्प के साथ मध्यप्रदेश के युवा वैश्विक बाजार में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं।
आरिन रत्नेश की यह सफलता कहानी केवल एक उद्यमी की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह मध्यप्रदेश में विकसित हो रहे सशक्त स्टार्टअप इकोसिस्टम, युवाओं की प्रतिभा और शासन की प्रोत्साहनकारी नीतियों का जीवंत उदाहरण है।