केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के निजी सचिव सिद्धार्थ यादव को भी पद से हटाया

ताज़ा खबर देश

-पीएमओ तक पहुंचा मामला, सरकार ने कारणों पर साधी चुप्पी
नई दिल्ली । केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के कार्यालय में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत उनके चार निजी सहयोगियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। हाल ही में अतिरिक्त निजी सचिव (एपीएस) सिद्धार्थ यादव को पद से हटाए जाने के साथ ही अब तक मंत्री कार्यालय से चार प्रमुख अधिकारियों की विदाई हो चुकी है। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक भी पहुंच चुका है, हालांकि सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।
रिपोर्टों के मुताबिक, सिद्धार्थ यादव ने 1 जुलाई 2024 को केंद्रीय मंत्री के अतिरिक्त निजी सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्हें हाल ही में तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया। इससे पहले निजी सचिव अमर सिंह तथा अतिरिक्त निजी सचिव शैलेश कुमार सिंह और आयुष सरन को भी उनके पदों से हटाया जा चुका है। बताया जा रहा है कि अमर सिंह, शैलेश कुमार सिंह और आयुष सरन उस समय से भूपेंद्र यादव के साथ जुड़े थे, जब वह श्रम एवं रोजगार मंत्री थे। इनके स्थानांतरण और हटाए जाने संबंधी आदेश बाद में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा जारी किए गए।
हालांकि केंद्र सरकार ने इन अधिकारियों को हटाने के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन मीडिया रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय तक कुछ गंभीर शिकायतें पहुंची थीं। इन शिकायतों के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। सूत्रों का यह भी कहना है कि संबंधित अधिकारियों का प्रभाव आवश्यकता से अधिक बढ़ गया था और उन पर अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर हस्तक्षेप करने के आरोप लगे थे। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर अब तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इस बीच मंगलवार को उन्होंने दिल्ली सरकार के 70 लाख पौधे लगाने के अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मंच साझा किया। ऐसे समय में उनके कार्यालय में हुए इस बड़े फेरबदल को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।